चंबा में बैठक के दौरान मौजूद सनातन धर्म सभा के पदाधिकारी और सदस्य।संवाद
मिंजर मेले की तैयारियों में सामाजिक संगठनों को प्रतिनिधित्व देने की उठाई आवाज
सनातन धर्म सभा चंबा की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर किया गया मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। सनातन धर्म सभा चंबा की बैठक रविवार को प्रधान सुरेश कश्मीरी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सामाजिक, धार्मिक और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। हाल ही में पंचायत चुनाव और नवगठित नगर निकायों से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई दी गई। सनातन धर्म के संगठनात्मक विस्तार पर बल देते हुए अधिक से अधिक लोगों को सभा से जोड़ने का आह्वान किया गया। भरमौर क्षेत्र में प्रस्तावित एंट्री टैक्स पर चिंता जताई गई। सभा ने कहा कि इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या प्रभावित हो सकती है। इसका प्रतिकूल प्रभाव मणिमहेश यात्रा, पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय व्यापार पर पड़ने की आशंका है। सभा ने प्रशासन से इस विषय पर पुनर्विचार करने और सड़क, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की मांग की। मिंजर महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित प्रशासनिक बैठक में प्रमुख सामाजिक संगठनों को आमंत्रित न करने पर खेद जताया गया। सभा ने मांग की कि भविष्य में सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों से संबंधित बैठकों में सामाजिक संस्थाओं को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाए। इसके अतिरिक्त सभा भवन में संचालित संस्कृत महाविद्यालय के लिए भवन किराया निर्धारित करने और भवन को शीघ्र खाली करवाने की मांग भी सरकार और जिला प्रशासन से की गई। बैठक के अंत में समाज एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए चलाए जा रहे कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया गया।