चंबा। पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे को शनिदेव मंदिर के समीप चौड़ा करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। वाहन चालकों ने नेशनल हाईवे प्राधिकरण चंबा से मांग की है कि वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए जल्द कदम उठाए जाएं।
वाहन चालक बबलू कुमार, राकेश कुमार, रवि कुमार, सुरेंद्र सिंह, काकू राम, लोकेश कुमार, अमृत सिंह और राजन सिंह ने कहा कि शनि मंदिर के समीप मार्ग संकीर्ण है। इसके चलते वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की निचली तरफ लगा डंगा भी खस्ताहाल है। लोहे के जाले गिरने के कगार पर हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी समय में सर्दियों का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में बारिश से निचली तरफ खस्ताहाल डंगा गिर सकता है। इससे मार्ग को भी नुकसान पहुंच सकता है। उधर, नेशनल हाईवे प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता मीत कुमार का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। जल्द ही इस बारे में उचित प्रयास किए जाएंगे।