चंबा। ऑल इंडिया सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के पूर्व सैनिकों का सम्मेलन केएस माड की अध्यक्षता में पुलिस लाइन बारगाह में हुआ। इसमें एसएसबी के पूर्व उपमहानिरीक्षक एके भारद्वाज भी मौजूद रहे।
बैठक में सेंट्रल आर्मड पुलिस फोर्स की मास्टर कैंटीन सपड़ी से एक दिन का एक्साइज से परमिट लेकर पूर्व सैनिकों को शराब का कोटा बांटने की मांग उठाई गई। एके भारद्वाज ने कहा कि जिन लोगों ने सैलरी पैकेज के लिए एसबीआई बैंक में आवेदन नहीं किया है वे सभी पूर्व सैनिक सैलरी पैकेज फॉर्म भर कर बैंक में जमा करवाएं।
सेंट्रल आर्मड पुलिस फोर्स के सैनिकों को भी आर्मी के सैनिकों की तरह सैनिक का दर्जा और सुविधाएं प्रदान करने की मांग की गई। वहीं, इसके अलावा केंद्रीय पुलिस कैंटीन के भंडार में आर्मी की तरह जीएसटी में छूट देने, सेंट्रल आर्मड पुलिस फोर्स में भी आर्मी की तरह वॉलियंटरी रिटायरमेंट के आधार पर कोटा देने, सेंट्रल आर्मड पुलिस फोर्स के लिए पैरामिलिट्री फोर्स में अलग मंत्रालय का गठन करने सहित सेंट्रल आर्मड पुलिस फोर्स में भी पूर्व सैनिकों को जिला स्तर पर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने की मांग की।