सलूणी (चंबा)। संघणी क्षेत्र में शिमला के लिए सीधी बस सेवा की मांग जोर पकड़ रही है। लोगों का कहना है कि वर्तमान में यात्रियों को लगभग 70 किलोमीटर लंबा सफर तय कर चंबा पहुंचकर शिमला के लिए बस लेनी पड़ती है। इससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते हैं। विद्यार्थियों के लिए यह यात्रा एक बड़ी चुनौती बन गई है। क्षेत्र के कई विद्यार्थी शिमला में पढ़ाई कर रहे हैं, जिन्हें पहले चंबा आना पड़ता है। उसके बाद शिमला की बस लेनी पड़ती है। वहीं, नौकरीपेशा युवाओं के लिए भी शिमला और संघणी के बीच यात्रा करना मुश्किल साबित हो रहा है। लंबे समय तक बस बदलना उनकी जिंदगी में कठिनाई बढ़ा रहा है।
स्थानीय निवासी तेज सिंह, लोकी राम, विनय कुमार, अमन कुमार, अभिषेक कुमार, रोहन, शालिनी, मानसी और जानवी का कहना है कि अगर संघणी से शिमला के लिए बस सेवा शुरू होती है। तो विकास खंड सलूणी की करीब 44 पंचायतों के लोगों को लाभ मिलेगा। उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह का कहना है कि मामला ध्यान में लाया गया है। बसों की व्यवस्था के बाद ही इस रूट पर सरकारी बस भेजी जा सकती है। जैसे नई बसें आएंगीं तो समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।