सलूणी (चंबा)। लंगेरा से टांडा तक एचआरटीसी बस सेवा शुरू करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र के लोगों ने इस प्रस्ताव का समर्थन कर सरकार से जल्द मांग को पूरा करने का आग्रह किया है।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि इस रूट पर सरकारी बस चलाई जाती है तो इससे करीब 46 पंचायतों के लगभग 30 हजार लोगों को लाभ होगा।
मदन ठाकुर, खेम राज, केशव राम, देस राज, योग सिंह गौतम, पवन कुमार, चैन सिंह और सोभिया राम ने बताया कि चंबा की दूरी लगभग 100 किलोमीटर होने के कारण लोगों को इलाज और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। निजी वाहनों पर निर्भरता महंगी और असुविधाजनक साबित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लंगेरा-टांडा रूट पर एचआरटीसी की बस शुरू होने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच भी बेहतर होगी। जनहित के इस मुद्दे को विधायक डीएस ने भी विधानसभा सत्र में उठाया है। विधायक के इस कदम से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि सरकार जल्द इस दिशा में ठोस निर्णय लेकर बस सेवा शुरू करेगी। संवाद