चंबा में मणिमहेश यात्रा के दौरान गौरी कुंड के पास चढ़ाई चढ़ते श्रद्धालु। संवाद
दशनाम अखाड़े के साधु-संतों और श्रद्धालुओं की सुविधा का उठाया मुद्दा
महंत ने तंबू, तिरपाल समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने का किया आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। धन्छौ और मणिमहेश डल झील में श्रद्धालुओं और साधु-संतों की सुविधा के लिए उचित व्यवस्थाएं करने की मांग उठी है। इस संबंध में भरमौर दशनाम अखाड़े के महंत जितेंद्र गिरी और उनके चेले कार्तिक स्वामी कुगती ने हड़सर में एसडीएम एवं न्यास सचिव अजय कुमार सिंह से मुलाकात की।
उन्होंने प्रशासन के समक्ष धन्छौ और डल झील में यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने का मुद्दा उठाया। महंत ने विशेष रूप से डल झील में दशनाम अखाड़े के साधु-संतों के ठहरने और बैठने के लिए तिरपाल, तंबू तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और साधु-संत डल झील पहुंचते हैं। ऐसे में पहले से पर्याप्त व्यवस्था होने पर उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करवाने की मांग की।
एसडीएम एवं न्यास सचिव अजय कुमार सिंह ने महंत को आश्वासन दिया कि श्रद्धालुओं और साधु-संतों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा जायज मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
चंबा में मणिमहेश यात्रा के दौरान गौरी कुंड के पास चढ़ाई चढ़ते श्रद्धालु। संवाद