चुवाड़ी-भराड़ी मार्ग पर मलबा। जागरूक पाठक
बनीखेत (चंबा)। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर शुक्रवार रात कटोरी के समीप केरू पहाड़ से मलबा गिरने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
हालांकि, छोटे वाहन चालकों ने सावधानी बरतते हुए रास्ता बनाकर वाहन निकाल लिए। शनिवार सुबह करीब छह बजे राजमार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया। भारी बारिश के चलते शुक्रवार रात करीब आठ बजे कटोरी के पास अचानक पहाड़ी से मलबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गिरा। इससे भारी वाहनों की आवाजाही बंद हो गई जबकि छोटे वाहन सीमित स्थान से सावधानीपूर्वक गुजरते रहे। एनएचएआई के एसई (साइड इंचार्ज) परीक्षित शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे उन्हें राजमार्ग बंद होने की सूचना मिली। मौके पर जेसीबी मशीन भेजी गई। करीब एक घंटे तक चले मलबा हटाने के कार्य के बाद सुबह छह बजे राजमार्ग को सभी प्रकार के वाहनों के लिए खोल दिया गया। एनएचएआई की टीम संवेदनशील स्थलों पर नजर बनाए हुए है। मानसून के दौरान भूस्खलन की आशंका को देखते हुए आवश्यक मशीनरी और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद