चंबा-तीसा मार्ग पर कियाणी के पास मलबे को सड़क से नीचे रावी नदी में ठिकाने लगाता चालक।संवाद
चंबा। चंबा-तीसा मार्ग पर कियाणी के समीप रावी नदी का तट अवैध डंपिंग का ठिकाना बन चुका है। सड़क बहाली सहित अन्य निर्माण कार्याें से निकलने वाले मलबे को ट्रकों में भरकर यहां ठिकाने लगाया जा रहा है।
हैरानी इस बात की है कि न तो प्रशासन इसमें कोई कार्रवाई कर रहा है और न ही अन्य सरकारी विभाग इसे रोकने के लिए गंभीरता दिखा रहे हैं। इसकी वजह से नदी के तट में मलबे के ढेर निरंतर बढ़ते जा रहे हैं। बरसात के मौसम में रावी नदी में आई बाढ़ में इसी मलबे से कई बस्तियों में तबाही देखने को मिली। लोगों के घर बह गए थे। मलबा जब पानी के साथ मिलता है तो निचले इलाकों में नुकसान होने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
कियाणी में भी रावी नदी में अवैध रूप से मलबे को ठिकाने लगाया जा रहा है। हालांकि एनजीटी और प्रशासन की तरफ से सख्त हिदायत दी गई है कि कोई भी नदी के तट पर मलबा नहीं फेंकेगा, लेकिन इसके बावजूद लोग नहीं मान रहे हैं। समय रहते इस कारगुजारी को बंद नहीं किया तो इसके बुरे परिणाम भविष्य में देखने को मिल सकते हैं। उधर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि यह मामला ध्यान में लाया है। जल्द ही नदी में मलबा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।