तीसा(चंबा)। भेड़-बकरियों को चराने के लिए गांव के साथ लगते सनशेरू जंगल में गए एक व्यक्ति की खाई में गिरने से मौत हो गई। देर रात तक मृतक के वापिस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की तो वीरवार सुबह सनशेरू नाले में शव पड़ा मिला। इसके बाद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को खाई से बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए तीसा अस्पताल पहुंचाया। यहां पर शव के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी अनुसार रोजमर्रा की तरह बुधवार को सालुई निवासी बदनाराम पुत्र भागी राम भेड़-बकरियों को चराने के लिए गांव के साथ लगते जंगल में गया था। देर रात भेड़-बकरियों के लौटने के बाद भी बंदना राम के न लौटने पर परिजनों को उसकी चिंता हुई। परिवार के कुछ लोग ग्रामीणों को साथ लेकर उसकी तलाश के लिए जंगल में रवाना हो गए। रात को अंधेरे में ग्रामीणों को बंदना राम को तलाश में करने में सफलता नहीं मिली। ऐसे में थक हारकर रात को सभी घरों को लौट आ गए। ग्रामीण एक बार फिर से वीरवार सुबह उसकी तलाश के लिए निकल पड़े। इस दौरान सनशेरू जंगल में करीब 700 मीटर गहरी खाई में शव पड़ा देखा सभी सन्न हो गए। ग्रामीणों ने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत से शव को खाई से बाहर निकाला और सिविल अस्पताल तीसा पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव मृतक के परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधीक्षक चंबा डॉ. मोनिका ने मामले की पुष्टि की है।