चंबा। जंगल में मवेशियों के लिए घास लेने गए बुजुर्ग की खाई में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान देशराज (72) पुत्र नेत्र निवासी गांव और डाकघर झुलाड़ा तहसील चंबा के रूप में हुई है। देशराज वीरवार सुबह साढ़े आठ बजे मवेशियों के लिए घास लेने नगाली जंगल की तरफ गया था लेकिन, शाम होने पर घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी सभी जगह तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसको लेकर परिजनों ने अन्य ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों को सूचना दी।
शुक्रवार सुबह उप प्रधान भीखम राम और अन्य ग्रामीणों ने परिजनों के साथ मिलकर व्यक्ति की तलाश शुरू की। इसी बीच वह सेरू-चनीणा रास्ते पर नगाली में खाई में बेसुध अवस्था में पड़ा था। जब ग्रामीणों ने नजदीक जाकर देखा तो सिर पर चोट लगने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।