चंबा-तीसा मार्ग से सटे सपड़ाह संपर्क मार्ग पर एक व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए चंबा चिकित्सालय में ले आई।
मृतक की पहचान अनिल कुमार पुत्र निहाल सिंह निवासी गांव व पंचायत राजपुरा तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई है। यह व्यक्ति पेशे से लोनिवि के साइन बोर्ड पर रंगने और सूचनापट्ट लिखने का काम करता था।
माना जा रहा है कि इसी सिलसिले में मोटरसाइकिल लेकर गया था। जहां सड़क के किनारे से उसकी मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस इस मामले को हादसे से जोड़कर भी देख रही है। फिलहाल पुलिस ने प्रारंभिक रूप से धारा 174 के तहत दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोमवार रात को हुई इस घटना का मंगलवार को खुलासा हुआ है।
मामले के जांच अधिकारी हरनाम सिंह ने बताया कि पुलिस ने जिस स्थिति में शव को बरामद किया उससे तो गिरने की वजह से उसकी मौत होने का अनुमान है। फिलहाल मृतक के परिजनों के बयान कलमबद्घ किए जा रहे हैं जिनके आधार पर इस मामले पर आगामी कार्रवाई की जा सकती है ।
इनसेट...
पुलिस करेगी हर पहलू पर पड़ताल : डीएसपी
डीएसपी चंबा वीर बहादुर ने बताया कि मामले की जांच पूरी निष्पक्षता के साथ की जाएगी। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आने के बाद ही मृतक की मौत की असली वजह पता चल पाएगी। फिलहाल पुलिस अपना काम कर रही है। परिजनों के बयान भी इस मामले में अहम कड़ी साबित होंगे। पुलिस उनसे भी छानबीन करेगी।