मौसम के बदले मिजाज ने बढ़ाईं दुश्वारियां, शीतलहर का प्रकोप बढ़ा
चंबा। जिले में वीरवार सुबह खिली धूप के बाद दोपहर के समय मौसम ने फिर करवट बदली। मुख्यालय समेत आसपास के क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई।
भरमौर-पांगी की ऊपरी चोटियों पर 5.08 सेंटीमीटर तक हल्की बर्फबारी हुई है। जिले में एक एनएच सहित सलूणी और पांगी में दो मार्ग और 65 गांवों में बिजली गुल है।
अप्रैल में भी जिले के लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। जिले की चोटियां बर्फ से बार-बार लकदक हो रही हैं। निचले क्षेत्रों में बारिश के कारण शीतलहर का प्रकोप जारी है। बारिश के चलते बागवानों और किसानों की चिंताएं भी बढ़ रही हैं। बारिश के कारण खेतों में गेहूं की फसल बिछ गई है। इससे किसानों को मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। सलूणी-तीसा में 4-4, डलहौजी-भटियात में 2-2 और भरमौर में एक ट्रांसफार्मर बंद होने से 65 गांव अंधेरे में डूबे हैंं। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि पटरी से उतरीं सेवाओं को सुचारू करने के लिए विभागीय टीमें जुटी हैं। जल्द व्यवस्थाएं बहाल होंगी।
ब्रंगाल के पास भूस्खलन से सड़क बंद
सुंडला-बनीखेत मार्ग पर ब्रंगाल के पास भूस्खलन से सड़क बंद हो गई है। मार्ग पर टनों के हिसाब से मलबा आने के कारण वाहनों का बनीखेत और सुंडला की ओर से जाम लग गया। सूचना मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी की जेसीबी मौके पर पहुंची और मार्ग बहाली के कार्य में जुट गई। देर शाम मार्ग वाहनों के लिए बहाल हो पाया।