बिजली गुल होने से बढ़ीं परेशानियां, सलूणी और भरमौर में ठप रहे पांच-पांच ट्रांसफार्मर
गर्मी से मिली राहत, बारिश के बाद अब मक्की की बिजाई का काम भी पकड़ेगा रफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में वीरवार को दोपहर के समय मौसम ने करवट बदल ली। भारी बारिश और अंधड़ के कारण करीब 50 गांवों में बिजली गुल हो गई।
जिला मुख्यालय में बिजली आपूर्ति करीब एक घंटे तक बाधित रही। सलूणी और भरमौर में पांच-पांच ट्रांसफार्मर बंद रहने से करीब 50 गांवों में अंधेरा पसर गया। बिजली बोर्ड की टीमें व्यवस्था बहाल करने में जुटी हैं।
उम्मीद है कि शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल होगी। गौरतलब है कि जिले में पिछले तीन दिन से तेज धूप लोगों के खूब पसीने छुड़ा रही थी। तापमान भी 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दिन के समय बाजार वीरान हो गए थे। वीरवार को हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। साथ ही लोगों ने गर्मी से राहत मिली है। वहीं, इस बारिश से अब निचले क्षेत्रों में मक्की की बिजाई का कार्य रफ्तार पकड़ेगा। इसके लिए किसान शुक्रवार से कार्य शुरू कर सकते हैं। हालांकि, अभी भी दो दिन बारिश का अलर्ट है। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि बारिश के चलते कोई नुकसान की सूचना नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।