डलहौजी में लोगों को जागरूक करते एसडीएम जगन ठाकुर।
- फोटो : Chamba
डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी डलहौजी में अब बिना मास्क घूम रहे लोगों के खिलाफ फिर से सख्ती की जाएगी। बुधवार को एसडीएम जगन ठाकुर ने शहर के बाजारों का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर उनके साथ डीएसपी विशाल वर्मा सहित एसएचओ आशीष पठानिया और पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे।
प्रशासनिक टीम ने गांधी चौक और सुभाष चौक में औचक निरीक्षण कर कोरोना के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे लोगों का चालान किया। सुभाष चौक और गांधी चौक में इस दौरान मास्क न पहनने पर करीब नौ चालान किए गए। एसडीएम ने लोगों से आह्वान किया कि वे कोविड-19 को हल्के में न लें। लिहाजा, कोरोना से बचाव के सुरक्षा उपायों सहित सरकार की ओर से समय-समय पर जारी दिशा- निर्देशों का पालन करते रहें।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी का खतरा टला नहीं है। लोगों की लापरवाही भारी पड़ सकती है। इस मौके पर उन्होंने लोगों और दुकानदारों को चेतावनी दी कि वे कोविड नियमों का सख्ती से पालन करें अन्यथा भविष्य में भी सरकार और प्रशासन के निर्देशों की पालना न करने वालों के चालान काटने की प्रक्रिया जारी रहेगी।