चंबा। जिले में प्रशासन ने कर्फ्यू ढील का समय दस घंटे कर दिया है। अब जिले के बाजार सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक खुले रहेंगे। जिला प्रशासन ने लोगों की मांग को देखते कर्फ्यू ढील के समय में बदलाव किया है। जिलाधीश एवं मैजिस्ट्रेट चंबा विवेक भाटिया ने बाकायदा इसकी अधिसूचना जारी की है।
इससे पूर्व सुबह दस बजे से लेकर शाम छह बजे तक जिले में कर्फ्यू रियायत का समय निर्धारित किया गया था। शहर के दुकानदारों और व्यापारियों ने जिलाधीश चंबा से कर्फ्यू रियायत के समय में बदलाव की मांग उठाई थी। इसके बाद कर्फ्यू ढील के समय में एक घंटे की बढ़ोतरी की गई है। प्रशासन ने कर्फ्यू ढील के समय को एक घंटा बढ़ाते हुए सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक कर दिया है।
शाम को विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों से छुट्टी कर दुकानों, रेहड़ियों तक पहुंचने वाले लोगों से पहले ही दुकानें बंद हो जाती थी। इससे कर्मचारियों को परेशानियां उठानी पड़ रही थी, वहीं दुकानदारों, रेहड़ी संचालकों को भी घाटा उठाना पड़ रहा था।
ऐसे में दुकानदारों की समस्याओं को मद्देनजर रखते हुए जिला प्रशासन ने कर्फ्यू रियायत के समय को बढ़ाने का फैसला लिया है। दुकानदार हरीश कुमार, नरेश कुमार, संजय कुमार और दलीप कुमार की मानें तो कर्फ्यू और लॉक डाउनसे पहले ही उन्हें नुकसान उठाना पड़ा है। प्रशासन के कर्फ्यू ढील के समय में किया गया बदलाव उनके हित में है।
एडीसी चंबा मुकेश रेस्पवाल ने बताया कि जिलाधीश चंबा के निर्देश पर जिले में अब कर्फ्यू रियायत का समय सुबह नौ बजे से लेकर शाम सात बजे रहेगा। व्यापारियों और दुकानदारों की मांग को देखते हुए ही प्रशासन ने यह फैसला लिया है।