चंबा। जिले में कर्फ्यू पास का दुरुपयोग करना अब महंगा पड़ेगा। जिला पुलिस ने इस संदर्भ में सख्त आदेश जारी कर दिए हैं। पुलिस के मुताबिक जिला प्रशासन के जारी कर्फ्यू पास का अगर कोई व्यक्ति गलत इस्तेमाल करता पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति का पास रद्द कर दिया जाएगा। इसके साथ ही कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस को इस मामले में कई शिकायतें मिली हैं। इसके तहत पुलिस की ओर से शिकायतों का कड़ा संज्ञान लिया है। गौरतलब है कि कोविड-19 के चलते जिले में कर्फ्यू पास जारी किए हैं, जिससे जरूरी सेवाओं वाले लोगों को आवाजाही में किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए।
मगर इसमें कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो जारी कर्फ्यू पास का दुरुपयोग कर रहे हैं। ऐसे में अब पुलिस ऐसे लोगों पर शिकंजा कसेगी। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि इस तरह की शिकायतें मिली है। इसके आधार कड़ी कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं।