चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में सोमवार को बड़ी संख्या में लोग इलाज करवाने के लिए पहुंचे। इसके चलते पंजीकरण काउंटर से लेकर ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं।
मरीजों को कतारों में सामाजिक दूरी की पालना करवाने के लिए निजी सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे। इस दौरान ओपीडी में डॉक्टर सुबह से लेकर शाम तक व्यस्त दिखे। इसी तरह मेडिकल कॉलेज की प्रयोगशाला के बाहर भी मरीजों की लंबी लाइनें देखी गई।
लॉकडाउन में ढील मिलने के बाद सोमवार को चंबा मेडिकल कॉलेज में सबसे ज्यादा भीड़ देखी गई। मेडिसिन ओपीडी, नेत्र, हड्डी और गायनी ओपीडी में लंबी कतारें लगी रही। हर ओपीडी में 200 से ज्यादा मरीजों ने अपनी जांच करवाई। जिले की छह लाख आबादी बीमारी के इलाज को लेकर चंबा मेडिकल कॉलेज पर निर्भर हैं।
हालांकि उपमंडल स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र खोले गए हैं। मगर गंभीर बीमारी के उपचार के लिए मरीज चंबा मेडिकल कॉलेज का ही रुख करते हैं।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. पुरुषोत्तम पुरी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञों की तैनाती होने के बाद मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। प्रबंधन मरीजों की हर सुविधा को लेकर प्रयास कर रहा है।