चंबा। सावन के तीसरे सोमवार को जिले के शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालु सुबह से ही मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते नजर आए। शिव मंदिर मुगला, लक्ष्मीनारायण मंदिर, चंद्रशेखर मंदिर साहो, मणिमहेश मंदिर भरमौर सहित अन्य मंदिरों में सुबह से लेकर दोपहर तक शिव भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
हाथ में पानी का लोटा और पूजा की थाली लेकर भक्त शिव महिमा का गुणगान करते दिखे। बारी-बारी भक्तों ने मंदिर में प्रवेश पाकर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। सावन माह के सोमवार का भगवान शिव की पूजा के लिए विशेष महत्व है और इस दिन भक्त भगवान शिव का आशीर्वाद पाने के लिए विशेष पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसी मान्यता है कि सावन माह भगवान शिव का काफी प्रिय है। इस माह में उनकी पूजा करने वाले भक्त की हर मनोकामना पूर्ण होती है। यही वजह है कि शिव भक्त इस माह का साल भर इंतजार करते हैं। मंदिर के पुजारी पूरे विधि-विधान से भक्तों से पूजा करवा रहे हैं।