चंबा के भंजराड़ू-ओला-जीयुंठ मार्ग पर जान जोखिम में डाल बलेरो की छत पर सफर करते।संवाद
ठूंस-ठूंस भरी सवारियां, छत पर बैठाए, स्टेपनी से भी लटकाए लोग
टैक्सी है या रेलगाड़ी... भंजराड़ू-औला-जियुंठ मार्ग पर रोजाना किया जा रहा खतरनाक सफर
10 की क्षमता वाले वाहन में बैठाए जा रहे 20 से 25 लोग, कोई भी विभाग नहीं कर रहा कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नकरोड़ (चंबा)। भंजराड़ू-औला-जियुंठ मार्ग पर टैक्सी चालक लोगों की जान दांव पर लगा रहे हैं। टैक्सी के अंदर ठूंस-ठूंस कर सवारियां बैठाई जाती हैं। टैक्सी की छत पर भी सवारियों को ढोया जा रहा है। इतना ही नहीं, टैक्सी के पिछले हिस्से में लटकी स्टेपनी के ऊपर भी लोग बैठकर सफर करते हैं। ऐसे में किसी भी समय कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वाहन में यदि क्षमता से अधिक भार डाला जाए तो उसके क्षतिग्रस्त और खराब होने की संभावनाएं काफी बढ़ जाती हैं। हैरानी की बात है कि चुराह की सड़कों पर रोजाना लोगों की जिंदगियों से खिलवाड़ किया जा रहा है। कोई भी विभाग इसके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए आगे नहीं आ रहा है। इसको लेकर लोगों में काफी रोष है। जल्दी घर पहुंचने के चक्कर में लोग अधिक किराया खर्च कर इन टैक्सियों के जरिये सफर करते हैं। जिस टैक्सी में 10 से 11 सवारियां बैठाई जानी चाहिए, उसमें 25 से अधिक लोग सफर कर रहे हैं। यह उनके लिए किसी भी समय खतरनाक साबित हो सकता है। समय रहते प्रशासन ने यदि ऐसे टैक्सी चालकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो भविष्य में इसके बुरे प्रणाम भी भुगतने पड़ सकते हैं। एसडीएम चुराह शशि पाल शर्मा ने बताया कि इस दिशा में पुलिस को कड़े कदम उठाने के दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि टैक्सियों में ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। लोगों की जिंदगी के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।