चंबा मिंजर मेले के बाद खरीदारी करने के लिए उमड़ी लोगों की भीड़।संवाद
सांस्कृतिक कार्यक्रम खत्म होने के बाद खरीदारी करते हैं लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के समापन के बाद खरीदारी करने वालों की भीड़ बढ़ने लगी है। मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न आयोजनों में व्यस्त रहने वाले ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोग अब परिवार के साथ बाजारों का रुख कर रहे हैं।
कपड़े, जूते, घरेलू सामान, खिलौने और सजावटी वस्तुओं की दुकानों पर खरीदारों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। व्यापारियों में सलीम, अरुण, दरफान और तेजू ने कहा कि मेले के समापन के बाद खरीदारी का दौर तेज हो जाता है। मेले में दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचे लोग कार्यक्रमों के चलते पहले खरीदारी नहीं कर पाते। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे आराम से बाजारों में पहुंचकर अपनी जरूरत का सामान खरीदते हैं। इससे कारोबार में भी अच्छी बढ़ोतरी होती है। बाजारों में महिलाओं और युवाओं की विशेष चहल-पहल देखने को मिल रही है। कई लोग त्योहारों और आगामी पारिवारिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए भी खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न उत्पादों पर छूट और विशेष ऑफर भी दे रहे हैं। चौगान में बनी अस्थाई दुकानों में दिनभर रौनक बनी रही। खरीदारी के चलते बाजारों में वाहनों की आवाजाही भी बढ़ गई जिससे कुछ स्थानों पर यातायात धीमा रहा। व्यापारियों को उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों तक खरीदारी का यह सिलसिला जारी रहेगा।