चंबा। कोरोना कर्फ्यू में सोमवार से ज्यादा ढील मिलने के बाद बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत सुबह नौ बजे दुकानें खुली। सवा नौ से लेकर दोपहर दोपहर दो बजे तक दुकानों में खूब भीड़ उमड़ी। सबसे ज्यादा भीड़ मनियारी और कपड़े की दुकानों में दिखी।
कुछ दुकानों में तो कोविड नियमों की जमकर धज्जियां उड़ीं। बाजार में वाहनों की भी काफी आवाजाही देखने को मिली। बाजार में कई जगह पार्किंग को लेकर यातायात पुलिस और चालकों में नोकझोंक भी हुई।
हालांकि, ज्यादातर दुकानों में ग्राहकों की भीड़ रही। कई दुकानदारों ने पैसे कमाने के चक्कर में दो गज दूरी के नियम की पालना करवाना भी जरूरी नहीं समझा। भीड़ जुटाने वाले दुकानदारों की सर्विलांस में ड्यूटी दे रहे अध्यापकों ने फोटो खींचकर प्रशासन को भेज दी हैं। अब प्रशासन फोटो के आधार पर आगामी कार्रवाई को अंजाम देगा। जहां ज्यादातर दुकानदारों ने कोविड नियमों की धज्जियां उड़ाई वहीं कुछ दुकानदारों ने कोविड नियमों का पूरी तरह पालन भी किया। दुकानों में ग्राहकों को प्रवेश देने से पहले उनके हाथों को सैनिटाइज करवाया गया लेकिन, ऐसा करने वाले दुकानदार बाजार में इक्का-दुक्का ही नजर आए। कई दुकानदारों ने पुलिस से बचने के लिए दुकानों के बाहर सैनिटाइजर तो रखे थे लेकिन उनका इस्तेमाल कम ही होता दिखा।
तीस फीसदी स्टाफ के साथ खुले दफ्तर
शहर स्थित विभिन्न दफ्तरों में 30 प्रतिशत स्टाफ मौजूद रहा। कार्यालयों में ड्यूटी पर लौटे कर्मचारियों ने मास्क लगाकर पहले अपनी सीटों और फाइलों को सैनिटाइज किया। उसके बाद ही वे अपना कामकाज निपटाने में जुटे।
बैंकों के बाहर लगी लंबी कतारें
शहर स्थित बैंकों की विभिन्न शाखाओं में लोग पैसों का लेनदेन करने के लिए कतारों में खड़े दिखे। लोगों को कोविड नियमों का पालन करवाने के लिए बाकायदा पुलिस जवान भी तैनात रहे लेकिन, लोगों की भीड़ सड़क तक पहुंच गई।
पुलिस ने आठ लोगों के काटे चालान
कोरोना कर्फ्यू में रियायत के दौरान मास्क न पहनने सहित अन्य नियमों का पालन न करने पर आठ चालान किए गए। इनमें से चार चालान दुकानदारों के किए गए। एसडीएम शिवम प्रताप सिंह ने कहा कि कोरोना नियमों का पालन करना सभी के लिए जरूरी है। सरकार और प्रशासन की ओर से दुकानें खोलने के लिए जो रियायत दी गई है, उस दौरान सभी लोगों को नियमों का पालन करना होगा अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।