तेलका-झौड़ा सड़क पर सेरू नाले के पास एक पिकअप गाड़ी नंबर एचपी 73-1132 अनियंत्रित होकर ढाई सौ फुट गहरी खाई में जा गिरी। जिसमें चालक की मौकेे पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात कमलेश कुमार पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव मौड़ा पिकअप गाड़ी को लेकर झौड़ा से तेलका की ओर आ रहा था।
उसी दौरान सेरू नाले के पास पहुंचने पर गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। देर रात होने के कारण किसी को भी इस हादसे का पता नहीं लगा लेकिन वीरवार को वहां से पैदल गुजर रहे लोगों ने सेरू नाले में एक पिकअप गाड़ी गिरी हुई देखी, जिसकी सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जाकर दुर्घटनाग्रस्त हुई गाड़ी की पूरी जांच की। जिसमें चालक के अलावा कोई भी नहीं पाया गया। चालक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को गाड़ी से बाहर निकाला। उसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। उधर, किहार थाना प्रभारी जगदीश चंद ने बताया कि स्थानीय लोगों ने उन्हें घटना की जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर जाकर पुलिस ने शव को गाड़ी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल चंबा भेज दिया। उन्होंने कहा कि हादसा चालक की लापरवाही के कारण हुआ है। साथ ही चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279, 304ए के तहत मामला दर्ज किया गया है। उधर, एसडीएम सलूणी विजय सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिजन को दस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।