बीडीसी चुनावों की स्थिति और समीकरण नाम वापस लेने के बाद साफ हो गए हैं। जिला में बीडीसी के कुल 107 पदों के लिए 552 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे। इसमें से सोमवार को 42 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिए और दो उम्मीदवारों का नामांकन रद्द कर दिया गया। जबकि एक उम्मीदवार को निर्विरोध चुन लिया गया है। चंबा में बीडीसी के बाकी बचे 116 पदों के लिए अब 507 उम्मीदवारों में जंग होगी।
तीसा उपमंडल में 18 पदों के लिए 86 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे, जिसमें से सोमवार को छह ने नाम वापस ले लिया। सलूणी से 20 पदों के लिए 103 नामांकन आए थे जिनमें से तीन ने नाम वापस लिया है। मैहला में 131 ने नामांकन दाखिल किया था जिसमें से दो नामांकन रद्द कर दिए गए थे और सोमवार को 17 उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया। अब यहां 20 पदों के लिए 111 उम्मीदवारों में मुकाबला होगा।
भटियात में 30 पदों के लिए 134 ने नामांकन भरा था। सोमवार को इनमें से 11 ने नाम वापस ले लिया है। अब यहां 123 उम्मीदवार मैदान में बच गए हैं। चंबा उपमंडल में 18 पदों के लिए 98 उम्मीदवार मैदान में उतरे थे, जिनमें से पांच ने नाम वापस ले लिया है। अब यहां 95 उम्मीदवारों में मुकाबला होगा।
इनसेट...
बीडीसी की बकाणी सीट पर निर्विरोध चयन
मैहला ब्लॉक के तहत बीडीसी की बकाणी सीट पर सर्वसम्मति से उम्मीदवार का चयन हो गया है। बकाणी की इस सीट पर दो उम्मीदवार मैदान में थे। सोमवार को इनमें से एक ने नाम वापस ले लिया। इसके बाद हिमराज को सर्वसम्मति से बीडीसी सदस्य चुन लिया गया। हिमराज ने जीत का श्रेय अमित भरमौरी को दिया है और कांग्रेस में आस्था व्यक्त की है। जबकि उदयपुर पंचायत में उपप्रधान पद पर भी कांग्रेस समर्थित ओंकार सिंह को सर्वसम्मति से चुन लिया गया है। इन दोनों सीटों पर सर्वसम्मति बनने के बाद समर्थकों ने उनका हार पहनाकर स्वागत किया।