जनजातीय क्षेत्र भरमौर में बीडीसी अध्यक्ष की कुर्सी गरोला से चुनाव जीती नीलम कुमारी को मिल सकती है। भाजपा ने नीलम कुमारी के नाम पर सभी जीते हुए बीडीसी सदस्यों को राजी कर लिया है। जबकि उपाध्यक्ष के लिए चौबिया से चुनाव जीते अरुण कुमार का नाम तय माना जा रहा है।
भरमौर में भाजपा होली और उपमंडल मुख्यालय दोनों को जोड़कर आगे बढ़ने की रणनीति बना रही है। इसके तहत गरोला से नीलम कुमारी को अध्यक्ष बनाकर होली क्षेत्र को तवज्जो दी जा रही है तो चौबिया से अरुण कुमार को उपाध्यक्ष बनाकर भरमौर को भी साथ जोड़ने की कवायद छेड़ी गई है।
दस दिसंबर को होने वाली बीडीसी सदस्यों की दूसरी बैठक में कोरम पूरा होने के लिए आठ सदस्यों के मौजूद होने की जरूरत है। ऐसे में इसी दिन नीलम कुमारी के नाम पर मुहर लग सकती है। अनुसूचित जनजाति प्रदेशाध्यक्ष जिया लाल कपूर का कहना है कि भाजपा की सभी महिला सदस्य एकजुट हैं। भरमौर बीडीसी में भाजपा का ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनना तय है।
इनसेट...
भरमौर की महिला बीडीसी सदस्यों ने मांगी सुरक्षा
कहा, दस तारीख को दोबारा रोका जा सकता है रास्ता
अमर उजाला ब्यूरो
भरमौर (चंबा)। भरमौर प्रशासन ने नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्यों ने एक बार फिर सुरक्षा मुहैया करवाने की गुहार लगाई है। मंगलवार को एसडीएम से मिलने पहुंची सपना देवी, नीलम कुमारी, प्रवीणा देवी, सत्या देवी व रितु देवी ने दस दिसंबर को उन्हें सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग की है। सभी पांचों बीडीसी सदस्यों ने लिखित शिकायत में बताया कि वे सात दिसंबर को निर्धारित कोरम में पहुंचना चाहती थीं लेकिन उनका रास्ता रोका गया और उन्हें पहुंचने नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि दस तारीख को दोबारा उन्हें रोका जा सकता है। ऐसे में दस तारीख को उन्हें बैठक तक लाने के लिए पुलिस का प्रबंध किया जाए। एसडीएम भरमौर जितेंद्र कंवर ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस बारे में उचित कदम उठाए जाएंगे।