कबायली क्षेत्र भरमौर में सर्दियों के दौर की चुनावी तपिश ठंडी होने के बाद लोगों ने निचले क्षेत्रों में पलायन शुरू कर दिया है। भरमौर में चौबीस घंटे बाद पूरा इलाका खाली हो गया है।
यहां के विजेता पंचायत प्रतिनिधियों की टोलियों ने औपचारिक जीत रैलियां निकालकर सीधे निचले क्षेत्रों की ओर रुख कर लिया है, जहां से यह मतदान प्रक्रिया में भाग लेने के लिए आए थे। ऐसे में अब यह नए विजेता पंचायत प्रतिनिधि सर्दियां खत्म होने के बाद ही भरमौर के विकास कार्य में सक्रिय भूमिका अदा कर पाएंगे। जबकि अब यह प्रक्रिया आगामी पंचायतीराज चुनाव तक परंपरा की तरह जारी रहेगी।
आलम यह है कि दिसंबर माह के समाप्त होने तक भरमौर के ऊपरी क्षेत्रों की रिहायशी बस्तियां जहां पूरी तरह से खाली हो जाएंगी, तो वहीं भरमौर में कुछेक सरकारी विभागों में कार्य करने वालों के अलावा यहां के वातावरण में ढल चुके चंद कबायली लोग ही रह जाएंगे, जोकि आगामी बसंत तक जैसे-तैसे करके यहां के निष्ठुर ठंडे मौसम की तकलीफों को झेलेंगे। इसके बाद ही एक बार फिर से बसंत के रंग के साथ भरमौर में सर्दियों की कैद से जनजीवन आजाद हो पाएगा।