मौसम का मिजाज सुधरते ही सोमवार को लोक निर्माण विभाग ने बंद पड़े सभी मार्गों को आवाजाही के लिए खोल दिया। चंबा-खजियार, चंबा-भरमौर समेत दूसरे सभी मार्ग आवाजाही के लिए बहाल हो गए हैं।
इससे लोगों ने राहत की सांस ली है। चंबा में शनिवार को हुई बर्फबारी और बारिश की वजह से आधा दर्जन मार्ग बाधित हुए थे। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। सोमवार को सुबह से ही लोक निर्माण विभाग ने अपने कर्मचारियों को विभिन्न जगह तैनात कर दिया था और मार्ग को बहाल करने का काम छेड़ दिया था।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर का कहना है कि विभाग ने लेबर नियमित रूप से मार्ग पर तैनात कर रखी है। खासतौर पर चंबा-तीसा और चंबा-खजियार मार्ग को सबसे पहले खोलने के इंतजाम किए जा रहे हैं। चंबा-खजियार मार्ग पर रविवार को ही लेबर लगा दी गई थी और इस मार्ग को दोपहर बाद बहाल किया गया था।
उन्होंने बताया कि सभी लोनिवि कर्मचारियों को ड्यूटी पर तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं और उनकी छुट्टियां मौसम खराब रहने तक रद्द की गई हैं। कर्मचारियों को सिर्फ बेहद जरूरत के दौरान ही छुट्टी मिल सकेगी।