चौगान में आराम कर रहे एक एक व्यक्ति से लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित सरवन पुत्र कालू राम निवासी गगल भरमौर ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर दस हजार रुपये की नकदी व मोबाइल फोन चुरा लेने का आरोप लगाया है। मामला सोमवार रात का है।
पीड़ित सुबह खुद ही घायलावस्था में क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचा। यहां उपचार के दौरान उसने चिकित्सक को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद चिकित्सक ने पुलिस को मौके पर बुला लिया।
पीड़ित ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह लोक निर्माण विभाग में बतौर बेलदार कार्यरत है। भरमौर से सुखमणी अस्पताल में दवा लेने आया था। रात को उसने किसी सराय में कमरा लिया और चौगान में आकर बैठ गया। इस बीच रात को जब वह अपने पैसे गिन रहा था तो एक स्थानीय व्यक्ति उसके पास आकर बैठ गया।
इस व्यक्ति ने उससे 2500 रुपये की मांग की। लेकिन उसने इंकार कर दिया तो करीब एक घंटे तक उसके साथ बैठने के बाद व्यक्ति ने उसे नशीली चीज सुंघा दी, जिसके बाद उसे कोई होश नहीं रहा। जब सुबह होश आई तो उसके सिर पर चोट का निशान था और पैसे व मोबाइल गायब थे।
पीड़ित बयान देते समय बार-बार बेहोश हो रहा था। पुलिस ने चिकित्सक की राय ली है और पीड़ित के बयान दोबारा दर्ज करने की बात कही है। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने बताया कि पीड़ित बार-बार अपना बयान बदल रहा है और जब तक यह सही तरीके से होश में नहीं आ जाता है तब तक इसे चिकित्सक की निगरानी में रखना होगा। पुलिस मामले की पूरी तफ्तीश करेगी। उधर, पीड़ित से एक बैग बरामद हुआ है जिसमें दवाइयां मिली हैं।
उधर, डीएसपी वीर बहादुर का कहना है कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को अस्पताल भेजा गया था। पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है। पीड़ित के बयान मामले में सबसे ज्यादा जरूरी हैं।