अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा में अलग-अलग जगह पुलिस ने 650 ग्राम चरस पकड़ी है। इसमें पुलिस ने एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है। एक मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। बुधवार को पुलिस की टीम ने चंबा-पठानकोट मार्ग पर बनीखेत के पास नाका लगाया था। इस दौरान एचआरटीसी की चंबा से पठानकोट जा रही बस में चरस तस्करी सूचना मिली। पुलिस ने नाके पर बस को रुकवाया और चैक किया। बस के रैक में एक बैग रखा हुआ था इसके अंदर पुलिस को 400 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने बैग को लेकर सभी सवारियों से पूछताछ की। परंतु सभी सवारियों ने बैग को अपनाने से मना कर दिया। इससे चरस तस्कर का पता नहीं लग पाया। पुलिस ने चरस को जब्त करने के साथ अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया। वहीं चकोली-डियूर मार्ग पर पुलिस टीम ने गश्त के दौरान अमी चंद पुत्र गोरू राम निवासी गांव लबंजा डाकघर डांड के बैग की तलाशी ली। इसमें पुलिस को बैग में 250 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र तोमर ने बताया कि पुलिस ने एचआरटीसी बस व एक राहगीर से 650 ग्राम चरस बरामद की है। राहगीर पर मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छाबनीन कर रही है।