चंबा। शहर में इरावती होटल के समीप बेतरतीब ढंग से वाहनों की पार्किंग की जा रही है। हैरानी इस बात की है कि यह सबकुछ पुलिस के सामने हो रहा है। इसके बावजूद पुलिस विभाग इस संबंध में कोई कड़ी कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा है। हालत यह है कि सिर्फ सांसदों और विधायकों की बैठक के समय यहां पर व्यवस्थाओं को सुधारा जाता है और इसके बाद व्यवस्था फिर राम भरोसे हो जाती है। सबसे ज्यादा हालात तो सिटी चौकी के पास खराब है। यहां भी दोपहिया वाहन हर समय खड़े रहते हैं। मगर कार्रवाई के नाम पर अब तक पुलिस कुछ करती नहीं दिख रही है। स्थानीय निवासी रमेश कुमार, प्रीतम चंद, परमेश कुुमर, देवेंद्र कुमार, अक्षय कुमार, अशोक कुमार और सुरेश चंद की मानें तो 26 फरवरी को बचत भवन चंबा में चंबा-कांगड़ा सांसद शांता कुमार की बैठक थी। इसके बाद 27 फरवरी को प्रशासनिक दक्षता की बैठक भी हुई। इन दोनों बैठकों के दौरान बचत भवन और इरावती के समीप कोई भी वाहन पुलिस कर्मियों ने पार्क नहीं होने दिया। मगर अब फिर से यहां बेतरतीब तरीके से वाहन पार्क हो रहे हैं। लोगों ने बताया कि पुलिस अहम मौकों पर ही कार्रवाई करती है। जबकि शेष दिनों में खाकी इरावती में पार्क करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई नहीं करती है।
जहां बिकते थे कुलचे, अब वहां खड़ी होती बाइकें
पिछले वर्ष इरावती के सामने चौगान गेट के समीप एक व्यक्ति कुलचे बेचकर आजीविका कमाता था। इसे प्रशासन ने यहां से व्यक्ति को हटा दिया। मगर अब यहां फुटपाथ में बाइकें खड़ी की जाती है। यातायात पुलिस भी यहां बाइकें खड़ी करती हैं।