अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)।
चुराह घाटी के बाजारों में अवैध रूप से शराब बेचने का कारोबार खूब फल-फूल रहा है। हालत यह है कि शाम होते ही बाजारों से शराबियों की वजह से महिलाओं और लोगों का गुजरना तक मुश्किल हो जाता है। लोगों ने पुलिस विभाग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का फैसला लिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कि यहां हालात खराब होते जा रहे है। शाम ढलते ही किराना और ढाबों में जाम छलकना शुरू हो जाते हैं। बावजूद इसके पुलिस विभाग ऐसे लोगों के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई नहीं कर पाया है। इस बात को लेेकर लोगों में काफी रोष है।
जानकारी के अनुसार तीसा, बैरागढ़, झज्जाकोठी, चांजू, चरड़ा, देवीकोठी और सनवाल में बेखौफ कारोबारी अपनी दुकानों में अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। इसके चलते खासकर महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रेखा देवी, जगदीप सिंह, पूनम देवी, आशा देवी, राजो राम, ध्यान सिंह, पूर्ण चंद, सुमित्रा देवी, उमेश देव, देसराज, रिंको राम, कौशल्या देवी और पुष्पा देवी चंपा देवी का कहना है कि रोज शाम को बाजारों में लोग शराब पी कर हुड़दंग मचाते हैं। उन्होंने बताया कि लोगों को यहां ढाबों और किराना स्टोर में अवैध रूप से शराब परोसी जाती है। इसके चलते उन्हें शाम के समय आवाजाही करने में परेशानियां से जूझना पड़ता है। लोगों ने पुलिस विभाग से मांग की है कि ऐसे व्यावसायिक संस्थानों के संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
टीम का गठन किया : रोहित डोगरा
तीसा थाना प्रभारी रोहित डोगरा का कहना है कि इस बारे में शिकायत मिली हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों को मद्देनजर रखते हुए टीम गठन किया गया है। जो इस संबंध में छापेमारी अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि शराब का अवैध रूप से कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।