अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा-तीसा मार्ग पर कोटी के समीप एसआईयू टीम ने चरस तस्कर को दबोचा है। टीम ने व्यक्ति के कब्जे से एक किलो 555 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान किशन कुमार निवासी गांव नागेई डाकघर सेईकोठी तहसील चुराह चंबा के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम चंबा-तीसा मार्ग पर कोटी के समीप गश्त पर थी। इस दौरान एक व्यक्ति तीसा की तरफ से आया, जो टीम को देखकर घबरा गया। पुलिस ने शक के आधार पर व्यक्ति को रोका। पुलिस की पूछताछ में व्यक्ति ने नाम किशन कुमार बताया। पुलिस ने जैसे ही उसके बैग की तलाशी ली तो बैग से एक किलो 555 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिले में पुलिस की सख्ती के बाद भी चरस तस्करी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इसमें अधिकतर मामले चुराह क्षेत्र से सामने आ रहे हैं। हालांकि पुलिस और प्रशासन इसको रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। बावजूद इसके चरस तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोटी के समीप एक व्यक्ति से चरस बरामद की गई है। मामले की छानबीन की जा रही है।