अमर उजाला ब्यूरो
तीसा(चंबा)। चुराह उपमंडल में एक कंपनी ने लोगों से पैसा तीन गुना करने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामले में स्थानीय ग्रामीणों ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। हालांकि अभी पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज नहीं किया है। मगर पुलिस ने कंपनी के तीन लोगों से रिकॉर्ड मांगा है। बताया जा रहा है कि इसमें पैसा तीन गुना करने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ऐंठे गए हैं। पुलिस के मुताबिक अगर यह लोग कंपनी के संदर्भ में कोई भी पुख्ता जानकारी उपलब्ध नहीं करवा पाते है, तो इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यहां के ही तीन लोगों ने कंपनी में एजेंट के रूप में कार्य कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार कंपनी के एजेंटों ने स्थानीय लोगों से यह कहकर पैसा एकत्रित किया कि उनकी रकम तीन गुना मिलेगी। मगर लोगों को समय पर यह पैसा नहीं मिला है। इसके बाद सोमवार को कंपनी में पैसा इन्वेस्ट करने वाले लोगों का प्रतिनिधिमंडल ने तीसा थाना में शिकायत दी। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस कंपनी ने एजेंट भी चुराह इलाके के ही बताए जा रहे हैं। उन्होंने कंपनी का जमकर प्रचार प्रसार किया और उनसे पैसे एकत्रित किए। प्रतिनिधिमंडल में शामिल हेम राज, लोभी राम, खेती राम, सूली राम, जीत सिंह, विमलो देवी, अनीता, चम्पी, बानो और गिरदारी ने बताया कि उन्होंने अपना पैसा कंपनी में लगाया है। जो उनकी मेहनत की कमाई है। मगर अब कंपनी के एजेंट पैसा देने में आनाकानी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि लोगों ने कंपनी में एजेंटों के माध्यम से लाखों रुपये की राशि लगा चुके हैं। मगर एजेंटों ने पैसा न देने के बाद अब इन लोगों को धोखा होने का अंदेशा सताने लगा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि इस मामले की छानबीन की जाए। डीएसपी सलूणी रामकरण शर्मा ने बताया कि इस बारे में तीसा थाना में शिकायत पहुंची है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन जुटी है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।