चंबा। छतराड़ी से पालमपुर जा रही निजी बस चालक और परिचालक के साथ टुंडी के पास आधा दर्जन लोगों ने मारपीट की। इसको लेकर चालक ने चुवाड़ी थाना में अपनी शिकायत भी दर्ज करवाई है। पुलिस ने चालक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 323, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कमल किशोर पुत्र धर्म चंद निवासी गांव कयारी डाकघर शाहपुर बस का चालक है। सोमवार को निजी बस लेकर छतराड़ी से पालमपुर जा रहा था। जब वह बस लेकर चुवाड़ी पहुंचा तो वहां पर आशीष कुमार पुत्र गगन निवासी गांव बुधलू डाकघर सहला ने बस कंडक्टर के साथ बहस शुरू कर दी। इसके बाद बहसबाजी हाथापाई तक पहुंच गई। जब बस चुवाड़ी से निकलकर टुंडी के पास चबाला पुल पर पहुंची, तो वहां पर काका और अंकु निवासी साहला साथियों के साथ वहां पहले से ही मौजूद थे।
उन्होंने बस को रूकवा दिया और चालक को खींच कर नीचे पटक दिया। इसके साथ ही चालक और परिचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसमें उन्हें चोटें भी लगी। मारपीट में बस में सफर कर रही सवारियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। इसके बाद उन्होंने अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई। पुुलिस ने चालक की शिकायत पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि बस चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। जिन लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है। उनके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।