चंबा। पुलिस विभाग की एसआइयू टीम चंबा ने हिमगिरी के पास सिधोट नामक स्थान पर एक शख्स को पौने दो किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यहां नाकेबंदी की थी। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसके खिलाफ 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पुलिस के एसआईयू विंग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चरस लेकर तीसा से चंबा की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही एसआइयू विंग की टीम ने हिमगिरी के पास सिधोट नामक स्थान पर नाकेबंदी की थी। नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों और राहगीरों की तलाशी शुरू की। चेकिंग के दौरान हिमगिरी की तरफ यासीन मोहम्मद निवासी नेरा पैदल आ रहा था।
पुलिस ने उसे रूकवा कर तलाशी ली। इस दौरान यासीन मोहम्मद से एक किलो 772 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने चरस कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को यासीन मोहम्मद को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि एसआइयू विंग ने एक किलो 772 ग्राम चरस के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।