चंबा। दो दिन पहले पुलिस को चकमा देकर फरार हुए चरस के आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। मगर अभी भी पुलिस के हाथ खाली ही है। मंगलवार को आरोपी की तलाश के लिए उसके घर में पुलिस ने दबिश मारी। मगर आरोपी घर में भी नहीं मिला। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए दो टीमें गठित की है। जो उसकी जगह-जगह छापेमारी कर तलाश कर रही हैं। एसएचओ चंबा प्रशांत ठाकुर मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। हालांकि एक दिन पहले करियां में इसी मामले को लेकर विवाद हो गया था।
पुलिस को सूचना मिली की बालू से चरस फेंककर भागा आरोपी करियां में छिपा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने करियां में दबिश दी। जब पुलिस छापेमारी कर रही थी तो वहां पर स्थानीय लोगों के साथ पुलिस की काफी कहासुनी हुई। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए किसी अन्य के घर में जा पहुंची थी।
इसकी वजह से मामला उलझ गया। इसे बाद में सुलझा दिया गया। गौरलतब है कि दो दिन पहले बालू के पास एक बाइक सवार तीन किलो 104 ग्राम चरस का बैग और बाइक छोड़ पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। आरोपी की पहचान पुलिस ने कर ली है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है। मगर आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि दो दिन पहले चरस फेंक भागे आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस गंभीरता से कार्य कर रही है। पुलिस की टीमें आरोपी को पकड़ने मुस्तैद हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होगा।