चंबा। लूणा-छत्तराड़ी मार्ग पर एक जेसीबी मशीन कंडी (कोदला) के समीप दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। हादसे में जेसीबी ऑपरेटर की मौत हो गई। जबकि जेसीबी में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह हादसा शनिवार देर रात को हुुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है जबकि, हादसे में घायल अन्य व्यक्ति को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। यहां अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया गया। मृतक की पहचान जेसीबी ऑपरेटर विनोद निवासी नागणी के रूप में हुई। जबकि घायल नजाकत पुत्र दोस्त मोहमद निवासी वार्ड नंबर 2 लोरेन जिला पूंछ (जेएंडके) का उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार जेसीबी मशीन लूणा से छत्तराड़ी की तरफ जा रही थी। जेसीबी को विनोद कुमार चला रहा था। जैसे ही वह कंडी के समीप पहुंचा तो उसने जेसीबी से नियंत्रण खो दिया। इससे जेसीबी मशीन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। इस कारण जेसीबी ऑपरेटर विनोद की मौके पर ही मौत हो गई और घायल नजाकत को गंभीर रूप से चोटें आई है। मशीन गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस थाना भरमौर को इसकी सूचना दी।
भरमौर थाना की ओर से पुलिस चौकी गैहरा को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में ले लिया और घायल को उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इसके साथ ही आगामी जांच शुरू कर दी है। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जेसीबी दुर्घटना में ऑपरेटर की मौत हुई है तो वहीं, एक व्यक्ति घायल हो गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही मामले की छानबीन की जा रही है।