चंबा। पंचायत घर का ताला तोड़कर चोरी करने के आरोप में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 31 मई की मध्य रात्रि अज्ञात पंचायत घर का ताला तोड़ कर दो एलईडी टीवी और सीसीटीवी चोरी हो गए थे। इसको लेकर पुलिस में शिकायत पहुंची तो पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पंचायत घर से पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही मामले में शक के आधार पर कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। इस दौरान संदिग्ध लोगों ने चुप्पी तोड़ते ही चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों के नामों का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने चारों आरोपियों को उनके ठिकानों से पकड़कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान भाग सिंह निवासी गांव टोहन डाकघर जुन्गरा, पुन्नु राम निवासी गांव चुतिरा डाकघर टिकरी गढ़, अनिल कुमार निवासी गांव भटोटि डाकघर डियूर और जीतू निवासी गांव सरोलि डाकघर कल्हेल के रूप में हुई है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज किया है। बुुधवार को पुलिस ने सभी आरोपी कोर्ट में पेश किए। यहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक डा. मोनिका ने बताया कि पंचायत घर में चोरी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।