चंबा। उपमंडल भरमौर के तहत ग्राम पंचायत पियूहरा के गांव भडौर में तीन मंजिला मकान में आग लग गई। इसमें मकान के दस कमरे, खाद्य सामग्री, गहने और कपड़े जलकर राख हो गए हं। यह ंाटना सोमवार को शाम के समय पेश आई। प्रारंभिक दृष्टि में अग्निकांड में करीब बीस लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
यह मकान नारायण, कुशल और कुलदीप कुमार का था जो एक साथ इस मकान में रहते थे। मामले की सूचना जैसे ही गैहरा चौकी पुलिस टीम और अग्निशमन विभाग को मिली तो टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके पर स्थानीय लोगों की सहायता से आग पर नियंत्रण पाने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाने में कामयाबी मिली।
जानकारी के अनुसार अग्निकांड सोमवार देरशाम के समय हुआ, जैसे ही मकान में आग लगी तो मकान में रह रहे लोगों ने घर से भागकर किसी तरह से अपनी जान बचाई। घर में रखी संपत्ति और खाने के सामान को सुरक्षित करने का भी मौका प्रभावितों को नहीं मिला। आग लगने की सूचना गांव में फैली तो ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंची।
इस दौरान ग्रामीणों ने जहां पुलिस और फायर स्टेशन में सूचना दी तो वहीं दूसरी तरफ आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। आग ने तीन मंजिला मकान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था। इस दौरान मौके पर अफरातफरी का माहौल था। जैसे ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास शुरू किए गए। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ है।
उन्होंने प्रभावितों को हर संभव सहायता देने की बात कही। इसके साथ ही प्रशासन से गुहार लगाई कि प्रभावितों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। जिससे उनकी जिंदगी पटरी पर लौट सके। वहीं, प्रशासन की ओर से दस-दस हजार रुपये फौरी राहत जारी कर दी है। पुलिस अधीक्षक चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि सूचना मिलते ही गैहरा पुलिस चौकी से टीम भेजी गई थी। उन्होंने कहा कि अग्निकांड से काफी नुकसान हुआ है।
मामले की छानबीन जारी है। बकाण वार्ड के जिला परिषद सदस्य अमित भरमौरी ने गांव का दौरा किया। इसके साथ ही प्रभावितों को उचित सहायता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि अग्निकांड से काफी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन प्रमुखता से प्रभावितों की सहायता करें।