चंबा। चंबा-छतराड़ी मार्ग पर बाइक खाई में गिरने से युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शुक्रवार देर रात को हुआ। हादसे का पता शनिवार दोपहर को लगा, जब गांव की एक महिला घास लाने के लिए गई। महिला ने गांववासियों को सूचित किया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल और शव को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। जहां पर घायल का उपचार चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार सचिन और अक्षय शुक्रवार को छतराड़ी जातर मेला देखकर बाइक पर चंबा की तरफ वापस लौट रहे थे। चंबा-छतराड़ी मार्ग पर छतराड़ी मोड़ के पास यकायक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। सचिन पुत्र दौलत राम निवासी नगरोटा (पालमपुर) की मौके पर ही मौत हो गई। जोकि छतराड़ी में एक प्रोजेक्ट में कार्यरत था। जबकि अक्षय पुत्र बचन निवासी सवाई (गरोला) गंभीर रूप से घायल है। अक्षय पूरी रात बारिश में भीगता रहा। इससे उसकी तबीयत और खराब हो गई। रात का सन्नाटा होने से किसी को भी हादसे की भनक नहीं लगी। इसके चलते दोनों रात भर खाई में पड़े रहे। रात को हादसे का पता लग जाता, तो शायद मृतक को समय पर उपचार मिल सकता था। साथ ही उसकी जान भी बच सकती थी। शनिवार दोपहर गांव की एक महिला घास काटने के लिए उस रास्ते पर गई। उसने खाई में बाइक व दो युवकों को देखा। इसकी सूचना उसने गांववासियों को दी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी।
एएसपी चंबा वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि छतराड़ी में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।