चंबा। शहर के साथ लगते ओबड़ी मोहल्ले में रह रहे एक व्यक्ति का दोस्त उसका मोबाइल और गाड़ी लेकर रफूचक्कर हो गया। देर रात शौच करने के लिए जब व्यक्ति उठा तो अपने दोस्त को न देख वह परेशान हो गया। घर पर रखी गाड़ी की चाबियां न होने पर उसने तुरंत पुलिस चौकी सुल्तानपुर इसकी इत्तलाह दी। सूचना मिलते ही समस्त चौकियों, थाना व बैरियरों को सूचित किया गया। अल सुबह तुन्नूहट्टी के पास पुलिस टीम ने उक्त व्यक्ति को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार वीरवार आधी रात पुलिस चौकी सुल्तानपुर में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह ओबड़ी मोहल्ला मे बतौर किरायेदार रहता है। रात को उसका दोस्त भूबींद्र शर्मा निवासी मध्यप्रदेश कमरे मे सोया था। वीरवार आधी रात को जब वह बाथरूम करने के लिए उठा तो उसने देखा कि कमरे न तो उसका दोस्त है और न ही उसका मोबाइल और गाड़ी की चाबी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने शिकायत दर्ज कर गाड़ी की तलाश सीसीटीवी कैमरों की सहायता से आरंभ कर दी। अल सुबह साढ़े तीन बजे के करीब पुलिस बैरियर तुन्नूहट्टी में पुलिस ने भूबींद्र शर्मा गांव गाला, कुठार मुरार, ग्वालियर, मध्य प्रदेश को गाड़ी समेत पकड़ लिया। साथ ही व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी छानबीन आरंभ कर दी।
पुलिस अधीक्षक चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि दोस्त के कमरे से मोबाइल और गाड़ी की चाबी लेकर रफूचक्कर हो रहे व्यक्ति को तुन्नूहट्टी बैरियर पर पुलिस ने पकड़ा है।