अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। पाकिस्तान में सेना की जवाबी कार्रवाई के बाद जम्मू-पांगी बॉर्डर संसारी नाला पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। जम्मू से पांगी जाने वाले हर वाहनों पर सेना के जवान पैनी नजर रख रहे हैं। वाहनों में सवार सभी लोगों की पूरी जांच पड़ताल की जा रही है। क्योंकि हिमाचल में हाई अलर्ट के बाद सेना हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए हुए है। सर्दियों में पांगी में सब्जियों समेत अन्य खाद्य उत्पादों की आपूर्ति जम्मू से ही होती है। वाया साच पास मार्ग भारी बर्फबारी से बंद हो जाता है। ऐसे में जम्मू से पांगी में घुसपैठ होने की संभावना भी हो सकती है। इसी संभावना को देखते हुए संसारी नाला पर सख्ती कर दी गई है।
जम्मू से जो भी गाड़ियां पांगी की तरफ जा रही है, चाहे वह सब्जी लेकर या अन्य सामान लेकर जा रही है। उनकी पूरी जांच हो रही है। इसके अलावा टैक्सियों में सवार लोगों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। इसके अलावा पांगी प्रशासन ने घाटी की सभी पंचायतों के प्रधानों को सूचित किया है कि जम्मू से कोई भी फेरी लगाने वाला उनकी पंचायत में आता है, तो उसकी वेरिफिकेशन जरूर करवाएं। अजनबी लोगों को पंचायत में न आने दें। एसडीएम पांगी विश्रुत भारती ने बताया कि संसारी नाला में तैनात बटालियन को आने जाने वाले हर वाहन की चेकिंग करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही पंचायत प्रधानों को भी अजनबी लोगों को गांव में दाखिल न करने की हिदायत दी गई है।