अमर उजाला ब्यूरो
होली (चंबा)।
होली क्षेत्र की ग्राम पंचायत क्वारंसी के गांव क्वारंसी में निर्माणाधीन मिनी हाइड्रो प्रोजेक्ट में वेल्डिंग कर रहे कामगार की चोली नाला में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सोमवार को दोपहर को हुआ। मृतक की पहचान सुगड़ गुड़िया पुत्र मनसुख गुड़िया निवासी डोयगेर रंगयड़ी सरमा टोली, झारखंड के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। खबर लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उक्त पंचायत के समीप मिनी हाइड्रो प्रोजेक्ट का काम चल रहा है। इस दौरान सुगड़ गुड़िया वहां पर वेल्डिंग करने में जुटा था। अचानक उसका पैर फिसल गया और समीप स्थित चोली नाले में जा गिरा। सुगड गुडिया को नाले में गिरता देख मौके पर मौजूद कामगारों ने इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन को दी। कंपनी प्रबंधन ने होली पुलिस चौकी में घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही होली पुलिस चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने कामगारों की मदद से सुगड गुड़िया को चोली नाले से बाहर निकाला। इसके उपरांत पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना बारे सूचित किया। साथ ही शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होली स्थित शव गृह में रखवा दिया है।
एसपी चंबा डॉ. वीरेंद्र तोमर ने बताया कि क्वारंसी के समीप निर्माणाधीन मिनी हाइड्रो प्रोजेक्ट में वेल्डिंग कर रहे कामगार की चोली नाला में गिरने से मौके पर ही मौत हुई है। कहा कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। साथ ही मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।
000