चुवाड़ी (चंबा)। बीएड कॉलेज रोड़ चुवाड़ी में सड़क किनारे खड़ी दो गाड़ियों और एक बाइक के शरारती तत्वों ने शीशे तोड़ डाले। घटना में वाहन मालिकों को हजारों का नुकसान उठाना पड़ा है। वहीं उन्होंने पुलिस में शिकायत करने के साथ यहां पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठाई है। पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है। वहीं इस घटना से वाहन मालिक खौफजदा है।
जानकारी के अनुसार रोजमर्रा की तरह वाहन मालिकों ने गैरना-सैला-मथला मार्ग पर अपने वाहनों को खड़ा किया था। मगर शनिवार सुबह जब प्रभावित वाहन मालिक वाहनों के पास पहुंचे तो गाड़ियों और बाइक के शीशे टूटे देख सन्न रह गए। इसके बाद वाहन मालिकों ने इस संबंध में पुलिस को सूचित किया।
इस घटना में शेर कुडणू पंचायत उपप्रधान शेर सिंह और महासू राम की गाड़ियों के शीशे तोड़े गए। इसके साथ ही सुशील की बाइक के शीशे भी शरारती तत्वों ने तोड़ डालेहैं। ऐसे में स्थानीय बाशिंदों ने पुलिस अधीक्षक चंबा से मांग की कि उक्त क्षेत्र में भी पुलिस की गश्त लगाई जाए और इस प्रकार के शरारती तत्वों पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए।