चंबा। तहसील मुख्यालय भंजराडू़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में अज्ञात व्यक्ति ने चोरी करने की कोशिश की। हालांकि बैंक में हूटर बजने से आरोपी मौके से भाग निकला। चोर खिड़की का शीशा तोड़कर बैंक के भीतर दाखिल हुआ।
पुलिस थाना तीसा की टीम ने मामले में जांच तेज कर दी है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी पुलिस के हाथ लग गई है। पुलिस ने फुटेज की फोटो को वायरल कर दिया है। इसके साथ ही चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति की धरपकड़ भी तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार पांच जनवरी को देर रात भंजराड़ूू स्थित बैंक में अज्ञात व्यक्ति ने चोरी करने का प्रयास किया। करीब साढ़े ग्यारह बजे खिड़की के जरिये बैंक शाखा में दाखिल हो गया। इसी दौरान हूटर बजने से अज्ञात चोरी करने में असफल रहा और मौके से फरार हो गया। हूटर की आवाज सुनाई देने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बैंक की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। इसमें एक व्यक्ति की तस्वीर पुलिस को मिली है। पुलिस ने इस फोटो के आधार पर आगामी जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस टीम को जल्द ही कामयाबी हासिल लग सकती है।
एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज से सुराग मिले है। जल्द ही चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।