चंबा के लिल्ह परगने में गोहत्या का मामला सामने आने पर भाजपा भड़क गई है। शनिवार को लिल्ह परगने के रजोटी गांव में इस तरह का मामला आने के बाद जिला भाजपा ने पत्रकार वार्ता करके हुए इस सिलसिले वार प्रकरण का जिम्मेवार प्रदेश कांग्रेस सरकार को ठहराया है।
भाजपा दिग्गजों में से चुराह विधायक हंस राज ने प्रदेश के वनमंत्री की ओर निशाना साधते हुए बताया कि यह सब कुछ वनमंत्री के संरक्षण में हो रहा है। जिले में इतने संवेदनशील हालात होने के बावजूद भी अभी तक कोई भी कांग्रेस नेता आवाम की सुध लेने के लिए घटना स्थल पर नहीं पहुंचा है। जबकि घटना के दिन प्रदेश के वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी और सामाजिक न्याय एवं सहकारिता मंत्री धनीराम शांडिल चंबा में ही मौजूद थे।
इस मौके पर मौजूद सदर विधायक चंबा बीके चौहान ने मामले की जांच को राजनीति से प्रभावित बताया है। चौहान ने कहा कि वह स्वयं घटना पर जाकर साक्ष्यों से साक्षात्कार कर चुके हैं। यहां पर जिस कृत्य को अंजाम दिया गया है कि उससे लगता है कि यह कुुशल बूचड़ों का काम है, क्योंकि मारी गई गाय के पिंजर पर मांस का चिथड़ा नहीं छोड़ा गया था। इससे प्रतीत होता है कि इस वीभत्स कार्य को बाकायदा संरक्षण में अंजाम दिया जाता रहा है।
लिहाजा जिला भाजपा ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच करवा कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। इस मौके जिला भाजपा अध्यक्ष डीएस ठाकुर ने भी कड़े बयान से इस कृत्य की आलोचना की है।