चंबा। जिले में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिला कोविड अस्पताल को टीबी अस्पताल भवन के समीप शिफ्ट किया जा रहा है। साथ ही यहां बिस्तरों की संख्या को भी बढ़ाकर 30 किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इसके अलावा कोरोना से मरने वालों की संख्या में भी बढ़ोतरी की गई है।
कोरोना संक्रमण से पैदा हुई परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने कोविड अस्पताल को 30 बेड का करने का निर्णय लिया है। इसके चलते कोविड अस्पताल को टीबी अस्पताल के पास बने दो मंजिला भवन में शिफ्ट किया जा रहा है। भवन में कोविड अस्पताल चलाने को लेकर सभी आवश्यक जरूरतों को पूरा किया जा रहा है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन लोनिवि से भी मदद भी ले रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक आगामी तीन या चार दिनों में चंबा अस्पताल से कोविड अस्पताल शिफ्ट करके टीबी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इससे कोरोना संक्रमितों से अस्पताल में आने वाले अन्य मरीजों को भी संक्रमण का खतरा नहीं रहेगा। मौजूदा समय में मेडिकल कॉलेज चंबा की चौथी मंजिल में 15 बिस्तरों वाला कोविड अस्पताल चलाया जा रहा है। मगर यहा अन्य बिस्तरों की संख्या बढ़ाने पर अस्पताल को बंद भी करना पड़ सकता है। इसलिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने कोविड अस्पताल को टीबी अस्पताल के पास शिफ्ट करने का फैसला लिया है।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण के मामले दिन प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। कोविड अस्पताल को मेडिकल कॉलेज से शिफ्ट करके टीबी अस्पताल के समीप दोमंजिला भवन में चलाने की योजना बनाई गई है। कोविड अस्पताल में बेड की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। जल्द ही कोविड अस्पताल शिफ्ट हो जाएगा।