चंबा। जिले के पांच सेंटरों में कोरोना के टीके लगाए गए। वैक्सीनेशन सेंटरों में स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीनेशन को लेकर पूर्ण व्यवस्था कर रखी थी। जिन लोगों को वैक्सीन लगाई जानी थी। उनका पंजीकरण दो दिन पहले ही को-विन ऐप में हो चुका था। पंजीकृत लोगों को वैक्सीन के लिए सेंटरों में बुलाया गया।
सेंटरों के अंदर जाने से पहले लोगों को सैनिटाइज किया गया। सेंटरों में वैक्सीन के टीके लगाने के बाद मरीजों को आधे घंटे तक निगरानी में में रखा गया ताकि टीकाकरण से होने वाले प्रभाव पर नजर रखी जा सके। किसी भी मरीज में टीकाकरण के दुष्प्रभाव नजर नहीं आए।
स्वास्थ्य विभाग ने सिविल अस्पताल किलाड़ (पांगी), भरमौर अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समोट, मेडिकल कॉलेज चंबा और आयुर्वेदिक अस्पताल बालू में कोरोना वैक्सीन के टीके लगाए गए। टीकाकरण अभियान देर शाम तक चलता रहा। चयनित लोगों को सेंटरों में कोरोना वैक्सीन के टीके लगाए गए। पांगी सहित अन्य सेंटरों में कोरोना वैक्सीन को वैक्सीन वैन के जरिए पहुंचाया गया। जिले में पहले चरण में 5900 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। ये सभी लोग स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े हुए हैं। 23 और 28 जनवरी के बाद पहली फरवरी को भी कोरोना वैैक्सीन लगाई जाएगी।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर जालम सिंह भारद्वाज ने बताया कि शनिवार को चंबा के पांच सेंटरों में कोरोना वैक्सीन के टीके लगाए गए। पहले चरण में टीकाकरण को चयनित लोगों को सेंटरों में वैक्सीन के टीके लगाए जा रहे हैं।