सिहुंता (चंबा)। तहसील सिहुंता में बेटी की शादी में ज्यादा लोगों को आमंत्रित करना भारी पड़ गया। निरीक्षण के दौरान शादी समारोह में तय संख्या से ज्यादा लोग पाए गए। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पुलिस टीम ने आयोजक को दो हजार रुपये का जुर्माना ठोका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिहुंता में एक घर में लड़की की शादी थी। दोपहर करीब तीन बजे जब नायब तहसीलदार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो शादी में निर्धारित संख्या से अधिक लोग पाए गए। जब आयोजक से कारण पूछा तो उसने सभी को अपना पारिवारिक सदस्य बताया। टीम ने कहा कि निर्धारित संख्या से अधिक लोगों को शादी समारोह में आमंत्रित नहीं किया जा सकता है। चाहे पारिवारिक सदस्य ही क्यों न हों। मौके पर ही चालान काटा गया। साथ ही लोगों को दो दिन में कोरोना टेस्ट करवाने के आदेश दिए। रिपोर्ट तहसील कार्यालय सिहुंता में जमा करवाने के निर्देश दिए। कहा कि जब तक कोविड टेस्ट की रिपोर्ट नहीं आती तब तक लोग खुद को आइसोलेट करें। ताकि अन्य लोग संपर्क में न आएं। नायब तहसीलदार भूपेंद्र कश्यप ने बताया कि निरीक्षण के दौरान शादी समारोह में अधिक लोग पाए गए। कहा कि पुलिस ने चालान काट दिया है। साथ ही लोगों को कोविड टेस्ट करवाने के लिए कहा गया है।