चंबा। चंबा में कोरोना को लेकर सोशल मीडिया पर झूठी अफवाहें फैलाई जा रही है। इसके चलते लोगों में दहशत का माहौल है। इसको देखते हुए प्रशासन झूठी अफवाह फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा। रविवार दोपहर के समय व्हाटसऐप ग्रुप पर चंबा मेडिकल कॉलेज की फोटो डालकर अफवाह फैला दी कि अस्पताल में कोरोना का संदिग्ध मरीज लाया गया है। इसलिए कोई भी लोग घरों से बाहर न निकलें।
यह पोस्ट चुराह के सोशल ग्रुप में वायरल हुई। अफवाह इतनी तेजी से वायरल हुई कि देखते ही देखते पूरे जिले में फैल गई। इससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। इसके चलते मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी को सोशल मीडिया पर मेसेज डालना पड़ा कि मेडिकल कॉलेज में कोरोना का कोई संदिग्ध मरीज नहीं आया है। इससे पहले भी सोशल मीडिया पर कोरोना को लेकर भ्रामक अफवाहें फैलाई जा चुकी हैं।
उपायुक्त विवेक भाटिया ने बताया कि उनके ध्यान में झूठी अफवाह फैलाने का मामला आया है। इसका पता लगाया जा रहा है कि कौन सोशल मीडिया पर झूठी अफवाह फैला रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।