चंबा। कर्फ्यू के दौरान अगर लोग जुआ खेलते हुए पकड़े गए तो उनके खिलाफ प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा। इसके लिए डीसी चंबा विवेक भाटिया ने फरमान जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर लोग ताश खेलते मिलते हैं तो प्रत्येक व्यक्ति को 1000 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा और जो लोग तमाशा देखने वाले होंगे, उन्हें 2000 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा जिस मकान में जुआ खेला जा रहा होगा, उसके मालिक को पांच हजार रुपये का जुर्माना ठोका जाएगा।
अगर किसी निजी जगहों या किसी सरकारी जगहों पर लोगों जुआ खेलते मिलते हैं, तो सरपंच को 10000 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा जुआ खेलते पकड़े जाने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस धारा 144 का उल्लंघन करने का मामला भी दर्ज करेगी। इसमें आरोपियों को 3 महीने की सजा हो सकती हैं।
उपायुक्त ने सभी लोगों को सचेत किया है कि वे कानून की पालना करें। कर्फ्यू के दौरान कोई भी ऐसी गतिविधि न करें, जिससे स्थिति ज्यादा बिगड़ जाए। सचेत करने के बाद भी जो लोग आदेशों की अवहेलना करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।